IPL इतिहास में पहली दफा दो भाई बतौर कप्तान हुए आमने-सामने ! GT VS LSG

IPL इतिहास में पहली दफा दो भाई बतौर कप्तान आमने-सामने हुए, जहां छोटे भाई हार्दिक ने बड़े भाई क्रुणाल को मात दे दी। GT ने LSG के खिलाफ 56 रन से बड़ी जीत हासिल की। इसी के साथ GT ने प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। लखनऊ के कप्तान क्रुणाल पांड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। गुजरात ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 227 रन बनाए। जवाब में LSG की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 171 रन ही बना सकी। GT के 11 मैच में 16 अंक हो गए हैं। गुजरात की यह आठवीं जीत है। उसे इस सीजन में सिर्फ 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर, लखनऊ की 11 मैच में यह पांचवीं हार है। उसे 5 जीत मिली है। 1 मैच में नतीजा नहीं निकला है। लखनऊ के 11 अंक हैं और वह तीसरे पायदान पर है।

लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर तेज शुरुआत की। उसने 3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 31 रन बना लिए। इसके बाद उसने पावरप्ले के 6 ओवर में बगैर विकेट खोए 78 रन बना लिए। ऋद्धिमान साहा 23 गेंद पर 54 और शुभमन गिल 13 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद थे। साहा ने 20 गेंद पर ही अर्धशतक पूरा कर लिया। इस सीजन में उनका यह पहला अर्धशतक है। 10 ओवरों की समाप्ति के बाद गुजरात का स्कोर 121/0 पहुंच गया। लखनऊ का कोई भी गेंदबाज इन दोनों बल्लेबाजों पर काबू नहीं पा सका। पहले 10 ओवरों में ही LSG की टीम मैच गंवा चुकी थी। देखते-देखते शुभमन गिल ने भी 29 गेंद पर अर्धशतक लगा दिया। 12 ओवरों के बाद स्कोरकार्ड 142/0 पहुंच गया। गुजरात टाइटंस को पहला झटका आवेश खान के 13वें ओवर की पहली गेंद पर लगा।


ऋद्धिमान साहा 43 गेंद पर बनाए 81 रन।


ऋद्धिमान साहा 43 गेंद पर 81 रन बनाकर डीप स्क्वायर लेग में कैच देकर पवेलियन लौट गए। साहा ने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी की। यह आईपीएल के मौजूदा सीजन में पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। साहा और शुभमन से ज्यादा रनों की साझेदारी RCB के विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस ने की है। दोनों ने बेंगलुरु में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 148 रन जोड़े थे। गुजरात टाइटंस ने लखनऊ के खिलाफ 15 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 176 रन बना लिए। साहा के आउट होने के बाद शुभमन गिल को हार्दिक पंड्या का साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 23 गेंद पर 42 रन जोड़ दिए। मोहसिन खान के 16वें ओवर की अंतिम गेंद वाइड आउटसाइड ऑफ थी। हार्दिक पंड्या इसे सीधा एक्स्ट्रा कवर पर तैनात क्रुणाल पंड्या के हाथ में खेल बैठे। हार्दिक ने 15 गेंद पर 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 25 रन बनाए।


शुभमन गिल ने 51 गेंद पर नाबाद 94 रन बनाए।


शुभमन गिल ने 51 गेंद पर नाबाद 94 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 7 छक्के लगाए। डेविड मिलर 12 गेंद पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का लगाया। 228 के लक्ष्य के जवाब में लखनऊ सुपरजायंट्स ने गुजरात टाइंटस के खिलाफ तेज शुरुआत की। उसने 4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 50 रन बना लिए। इसी बीच गुजरात के विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा चोट के कारण बाहर चले गए। उनके स्थान पर केएस भरत विकेटकीपिंग करने आए। पावरप्ले की समाप्ति के बाद लखनऊ ने बगैर विकेट खोए 72 रन बना दिए। यहां से लगा कि मुकाबला बन सकता है। गुजरात टाइटंस को पहली सफलता मोहित शर्मा ने दिलाई। उन्होंने नवें ओवर की दूसरी धीमी शॉर्ट गेंद पर काइल मेयर्स को आउट कर दिया। मेयर्स ने 32 गेंद पर 48 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। राशिद खान ने डीप स्क्वायर लेग में 26 मीटर की दौड़ लगाकर शानदार कैच लिया। यह अबतक इस सीजन आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ कैच रहा।

एक समय ऐसा लगा कि वह कैच नहीं ले पाएंगे, लेकिन उन्होंने अंत में दाईं ओर झुकते हुए बेहतरीन कैच लपका। गुजरात के खिलाफ लखनऊ सुपरजायंट्स ने 12 ओवर में 1 विकेट पर 113 रन बना लिए। 10 ओवर में टीम ने 102 रन बना लिए थे। अगले 2 ओवर में सिर्फ 11 रन बने। यहां से जीत के लिए 48 गेंद पर 115 रनों की दरकार थी। LSG को दूसरा झटका मोहम्मद शमी ने दिया। उन्होंने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर दीपक हुड्डा को जूसी फुलटॉस पर डीप मिडविकेट फील्डर के हाथों कैच के जरिए आउट कर दिया। हुड्डा 11 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हुए। राहुल तेवतिया ने उनका कैच लिया। हुड्डा के आउट होने से ठीक पहले इसी ओवर की पहली गेंद पर क्विंटन डिकॉक ने अपना अर्धशतक पूरा किया। लखनऊ के स्टार ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह 9 गेंद पर 4 रन बनाकर आउट हुए। 15वें ओवर की पांचवीं बैक ऑफ द लेंथ धीमी गेंद पर मोहित शर्मा ने उन्हें शॉर्ट थर्डमैन पर आउट कर दिया। स्टोइनिस का कैच मोहम्मद शमी ने लिया। उनके बाद क्विंटन डिकॉक भी आउट हो गए।


डिकॉक 41 गेंद पर 70 रन बनाए।


डिकॉक 41 गेंद पर 70 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए। डिकॉक को 16वें ओवर की आखिरी लेग ब्रेक गेंद पर राशिद खान ने क्लीन बोल्ड कर दिया। लखनऊ ने 16 ओवर में 4 विकेट पर 140 रन बना लिए। जीत के लिए 24 गेंद पर 88 रन की दरकार थी। लखनऊ को पांचवां झटका 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। नूर अहमद ने निकोलस पूरन को आउटसाइड ऑफ गेंद डालकर मोहम्मद शमी के हाथों एज के जरिए शॉर्ट थर्डमैन पर कैच कराया। पूरन 6 गेंद पर 3 रन ही बना सके। LSG ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 155 रन बना लिए। अब जीत के लिए 12 गेंद पर 73 रनों की दरकार थी। अंत में लखनऊ की टीम पूरे 20 ओवर खेलकर 7 विकेट के नुकसान पर 171 रन ही बना सकी और 56 रन से मैच हार गई। इस हाई स्कोरिंग मैच में मोहित शर्मा ने 4 ओवर में सिर्फ 29 रन देकर 4 अहम विकेट चटकाए। हालांकि ताबड़तोड़ 94 रनों की पारी के लिए शुभमन गिल को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

Leave a comment